प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, पीएफ जमा पर मिलेगा इतना ब्याज

नई दिल्ली :नौकरीपेशा लोगों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) पर मिलने वाली ब्याज दर का ऐलान कर दिया है। इस साल भी पीएफ में जमा रकम पर 8.25 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाएगा।
सरकार ने इस बार ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है और इसे पहले की तरह 8.25% पर ही बनाए रखा है। यह फैसला Employees’ Provident Fund Organisation की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री Mansukh Mandaviya ने की।
दरअसल, ईपीएफओ की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में पीएफ पर मिलने वाले ब्याज को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसी बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ब्याज दर 8.25% बनाए रखने पर सहमति बनी। CBT, ईपीएफओ का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है, जो फंड के निवेश, प्रबंधन और वितरण से जुड़े अहम फैसले लेता है।
गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में भी ईपीएफओ ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए ब्याज दर 8.25% ही तय की थी। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में ब्याज दर को बढ़ाकर 8.25% किया गया था, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 8.15% थी।
इस फैसले से देश के करोड़ों पीएफ खाताधारकों को राहत मिलेगी, क्योंकि उनकी जमा पूंजी पर पहले की तरह ही अच्छा रिटर्न मिलता रहेगा।



