दो साल बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नजर आए पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह, सियासी हलचल तेज

बलरामपुर : बलरामपुर जिले की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह दो साल बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नजर आए। कांग्रेस संगठन से बाहर होने के बाद यह उनकी पहली बड़ी सार्वजनिक मुलाकात मानी जा रही है, जिसमें वे बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक में शामिल हुए, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की बात कही थी। ऐसे में उनका अचानक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिखना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।
पूर्व विधायक और कार्यकर्ताओं की इस मुलाकात के बाद बलरामपुर की राजनीति में नए समीकरण बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में बृहस्पति सिंह किस राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाते हैं।




