पहले पति को उतारा मौत के घाट, फिर शव को किया क्षत-विक्षत; वारदात से मचा हड़कंप

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने पति की निर्मम हत्या करने और इसके बाद शव के साथ बर्बरता करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला ने धारदार हथियार से पति के सीने से लेकर निजी अंगों तक गहरा घाव किया। इसके बाद शव के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश (40) के रूप में हुई है। राजेश पिछले करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराए के मकान में अपनी पत्नी विमला देवी के साथ रह रहा था। वह पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी सप्लाई का काम करता था।
मकान मालिक के पहुंचने पर छत से कूदी महिला
जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान मकान मालिक मौके पर पहुंच गया। उसे देखते ही महिला कथित तौर पर मकान की छत से कूद गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को घटनास्थल से एक प्लास्टिक की बोरी भी मिली, जिसमें कथित तौर पर शरीर के अंग रखे हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम में सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मृतक के शरीर में गंभीर चोटों की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर का करीब आधा लीवर और दाईं किडनी भी गायब मिली है। हालांकि, इन अंगों के गायब होने की परिस्थितियों और घटना से उनके संबंध को लेकर जांच जारी है।
पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद
मकान मालिक के अनुसार, राजेश और विमला की शादी कई साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मकान मालिक ने यह भी बताया कि विमला कथित तौर पर झाड़-फूंक का काम करती थी।
फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी कहानी और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।



