RO.NO. 01
Health

हेल्दी समझकर खा रहे हैं? ये फूड्स धीरे-धीरे लिवर को कर रहे हैं डैमेज

डेस्क: शरीर के सभी अंग महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन लिवर की भूमिका बेहद खास होती है। यह न सिर्फ भोजन को पचाने में मदद करता है, बल्कि उसे ऊर्जा में बदलने का काम भी करता है। हाल के समय में लिवर से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनमें फैटी लिवर एक आम समस्या बनकर उभरी है। यह समस्या मुख्य रूप से खराब खान-पान और अस्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी हुई है।

अक्सर लोग मानते हैं कि केवल शराब पीने से ही लिवर खराब होता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा नहीं है। ज्यादा चीनी, तला-भुना खाना और फास्ट फूड भी लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। रोजाना की गलत खान-पान की आदतें धीरे-धीरे लिवर को कमजोर बना देती हैं।

दरअसल, लिवर शरीर में एक स्टोर रूम की तरह काम करता है। जब हम जरूरत से ज्यादा कैलोरी, मीठे पेय, जंक फूड या ऑयली चीजों का सेवन करते हैं, तो लिवर में फैट जमा होने लगता है। इसी स्थिति को फैटी लिवर डिजीज कहा जाता है। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती है।

आजकल नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ज्यादा चीनी और खराब फैट लिवर में जमा होकर सूजन पैदा करते हैं, जिससे इसकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है। कई बार यह स्थिति शराब से होने वाले लिवर डैमेज जितनी ही खतरनाक साबित हो सकती है और गंभीर मामलों में लिवर ट्रांसप्लांट तक की नौबत आ सकती है।

इस बीमारी की एक बड़ी समस्या यह है कि शुरुआती दौर में इसके कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते। व्यक्ति सामान्य महसूस करता है, लेकिन अंदर ही अंदर लिवर को नुकसान होता रहता है। समय के साथ यह समस्या फाइब्रोसिस और सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों में बदल सकती है।

लिवर को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान में सुधार बेहद जरूरी है। ज्यादा मीठे पेय, कोल्ड ड्रिंक और मिठाइयों से दूरी बनानी चाहिए। तला-भुना और फास्ट फूड कम करना चाहिए। इसके बजाय ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है। साथ ही नियमित व्यायाम, सक्रिय जीवनशैली और वजन को नियंत्रित रखना भी जरूरी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को मोटापा, डायबिटीज या परिवार में लिवर से जुड़ी बीमारी का इतिहास है, उन्हें समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर लिवर को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button