रोज खाएं बाजरे की रोटी, फिटनेस बढ़ेगी और शरीर रहेगा बीमारियों से दूर

नई दिल्ली। भारत में खानपान सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि स्वाद और संस्कृति का अहम हिस्सा है। लोग नए-नए व्यंजनों का आनंद लेने के लिए दूर-दराज की यात्राएं तक करते हैं। हालांकि, स्वाद के चक्कर में कई बार ऐसे खाद्य पदार्थ हमारी थाली में शामिल हो जाते हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। लेकिन कुछ पारंपरिक चीजें ऐसी भी हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर के लिए बेहद फायदेमंद साबित होती हैं। इन्हीं में से एक है बाजरे की रोटी।
पोषण से भरपूर बाजरा आज के समय में एक सुपरफूड के रूप में पहचाना जा रहा है। इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, प्रोटीन और विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स के साथ-साथ कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। यही वजह है कि बाजरे का नियमित सेवन शरीर को कई स्तरों पर लाभ पहुंचाता है।
वजन कंट्रोल में कारगर
बाजरे की रोटी फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होती है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन बढ़ने का खतरा कम होता है। डाइट फॉलो करने वालों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
बाजरे में मौजूद मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करता है। इससे दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम घटता है और हृदय स्वस्थ रहता है।
पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है
अगर आपको कब्ज या गैस की समस्या रहती है, तो बाजरे की रोटी फायदेमंद हो सकती है। इसमें मौजूद डाइट्री फाइबर पाचन क्रिया को दुरुस्त करता है और पेट साफ रखने में मदद करता है।
शरीर की प्राकृतिक सफाई
बाजरा शरीर के लिए नेचुरल डिटॉक्स की तरह काम करता है। इसके सेवन से शरीर में जमा हानिकारक तत्व बाहर निकलते हैं और अंदरूनी संतुलन बना रहता है।
इम्यूनिटी को करता है मजबूत
बाजरे में आयरन और जिंक जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं। खासकर बदलते मौसम और सर्दियों में यह शरीर को संक्रमण से बचाने में मदद करता है।
त्वचा और बालों को दे पोषण
एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर बाजरा त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करता है। साथ ही बालों की मजबूती और चमक बनाए रखने में भी इसका योगदान अहम है।
हड्डियों को देता मजबूती
बाजरे में कैल्शियम और फॉस्फोरस अच्छी मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। साथ ही इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट शरीर को जरूरी ऊर्जा भी प्रदान करते हैं।
सर्दियों में रखे शरीर गर्म
बाजरा गर्म तासीर वाला अनाज माना जाता है। ठंड के मौसम में इसके सेवन से शरीर में गर्मी बनी रहती है और ठंड से बचाव होता है।
कुल मिलाकर, बाजरे की रोटी स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। अगर आप अपनी डाइट में थोड़ा सा बदलाव कर इसे शामिल करते हैं, तो कई बीमारियों से बचाव के साथ बेहतर फिटनेस भी पा सकते हैं।



