प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी बने धीरज मिश्रा

पलारी | भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन द्वारा वरिष्ठ नेता धीरज मिश्रा को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश संगठन की पहल पर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर की अनुशंसा से की गई है।
धीरज मिश्रा पलारी क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं और वे लंबे समय से संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकुशलता और अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाने और संगठनात्मक समन्वय की अहम भूमिका अब उनके कंधों पर होगी।
नियुक्ति के पश्चात धीरज मिश्रा ने भाजपा प्रदेश संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने जिले के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरत्न शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, वरिष्ठ नेता विपिन बिहारी वर्मा, दुर्गा महेश्वर, ओमप्रकाश चंद्रवंशी, यशवर्धन वर्मा, नंद वर्मा एवं मंडल अध्यक्ष पवन सहित सभी नेताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है और संगठन को उम्मीद है कि धीरज मिश्रा के नेतृत्व में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।



