RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शैक्षणिक भ्रमण दल को दिखाई हरी झंडी

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पशुपालकों और बिहान समूह की महिलाओं को उन्नत डेयरी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिलाने के उद्देश्य से गुजरात के बनासकांठा के लिए शैक्षणिक भ्रमण दल रवाना किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने समनापुर पुल के पास से बस को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बस में पहुंचकर प्रतिभागियों से आत्मीय संवाद किया और भ्रमण के उद्देश्य पर चर्चा की।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि यह भ्रमण केवल औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि सीखने और उसे अपने जिले में लागू करने का अवसर है। उन्होंने प्रतिभागियों से बनासकांठा के सफल डेयरी सहकारी मॉडल, प्रबंधन प्रणाली और तकनीकी नवाचारों का गंभीरता से अध्ययन करने का आग्रह किया, ताकि जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान दल को उन्नत पशुपालन तकनीक, संतुलित आहार प्रबंधन, दुग्ध संकलन एवं प्रसंस्करण प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, डेयरी उत्पाद निर्माण और विपणन व्यवस्था की व्यवहारिक जानकारी मिलेगी। साथ ही सहकारी मॉडल के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की प्रक्रिया को भी समझने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से जिले के 17 बिहान (एनआरएलएम) समूहों की महिलाएं और 17 पशुपालक इस अध्ययन दौरे में शामिल हुए हैं। यह दल देश-विदेश में प्रसिद्ध बनासकांठा डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी का अवलोकन करेगा।

विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बिहान समूहों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, वहीं पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आय संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बिहान समूह की महिलाएं और पशुपालक उपस्थित रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button