झारखंड बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9, कई गंभीर घायल

बलरामपुर। झारखंड में हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को झारखंड के रिम्स अस्पताल सहित अन्य निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों एवं घायलों के गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पीपरसोत गांव से श्रद्धालु बस में सवार होकर झारखंड के लोध लोटा पानी दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान झारखंड के ओरसा घाट के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घायलों को राहत पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ और झारखंड दोनों राज्यों की पुलिस और चिकित्सकों की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया, जिससे कई घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




