न्यायिक हिरासत में बंद कैदी की तबीयत बिगड़ने से मौत

बलरामपुर : बलरामपुर जिले में एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज स्थित जिला जेल में बंद एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक कैदी को एक दिन पहले पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर रामानुजगंज के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। उपचार के उपरांत उसकी हालत सामान्य होने पर उसे वापस जेल भेज दिया गया था। हालांकि, अगले ही दिन सुबह उसकी तबीयत फिर से गंभीर रूप से बिगड़ गई।
मृतक की पहचान विशुन, निवासी सीतारामपुर पाठ के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 से हत्या एवं टोनही प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में न्यायिक हिरासत में जिला जेल रामानुजगंज में बंद था।
घटना के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।



