पहाड़ में पेड़ पर लटकी मिली नगर सैनिक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

बलरामपुर : बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चटनिया पहाड़ में एक नगर सैनिक की पेड़ पर लटकी हुई लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान मंगल साय तिर्की के रूप में हुई है, जो बलरामपुर होमगार्ड लाइन में पदस्थ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या या हत्या, दोनों एंगल से देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस विवेचना में यह बात सामने आ रही है कि मृतक डिप्रेशन में था।
जानकारी के अनुसार मंगल साय तिर्की बीते करीब 5 महीनों से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था। पुलिस उसके मानसिक स्थिति, पारिवारिक हालात और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल राजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



