कनहर नदी तट पर गंगा दशहरा पर भव्य गंगा आरती, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बलरामपुर, छत्तीसगढ़। गंगा दशहरा महापर्व के अवसर पर रामानुजगंज स्थित कनहर नदी तट पर बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा वातावरण भक्ति व आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
कनहर नदी तट को इस अवसर पर ‘छोटा काशी’ की तरह सजाया गया, जहां बनारस से आए पंडितों ने विधि-विधान से गंगा आरती संपन्न कराई। दीपों की रोशनी, शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा घाट गूंज उठा।

इस कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम और नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। गंगा दशहरा का यह आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने आरती में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।



