RO.NO. 01
राजनीति

वोटिंग डे पर उमड़ा जनसैलाब: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदाताओं की भारी भीड़

कोलकाता/चेन्नई : पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव के तहत मतदान जारी है। बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 6 बजे तक चलेगा।

पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं, जिसमें आज पहला चरण है। इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है। यहां कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान के लिए करीब 44 हजार से ज्यादा बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं में पुरुषों की संख्या लगभग 1.84 करोड़, महिलाओं की 1.75 करोड़ और 465 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी।

तमिलनाडु में सभी सीटों के लिए एक ही दिन मतदान रखा गया है। यहां 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। दोनों राज्यों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है।

राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के सामने सत्ता बनाए रखने की चुनौती है, जबकि तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए दोबारा सत्ता में वापसी आसान नहीं मानी जा रही। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी दोनों राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।

इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल सहित उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में दोपहर के समय मतदान की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है, जबकि सुबह और शाम के समय ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है।

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में उम्मीदवारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मतदान के दिन वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर नहीं जाएं। अब सभी की नजर अगले चरण और अंततः मतगणना पर टिकी है, जो मई में आयोजित की जाएगी।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button