आतंक नेटवर्क पर शिकंजा, बांदीपोरा में NIA की लगातार छापेमारी

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में सोमवार को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। एजेंसी की टीम ने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एक साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके चलते पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियातन बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
सूत्रों के अनुसार, NIA की कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों का सहयोग भी लिया गया। ऑपरेशन के चलते कुछ समय के लिए आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई, जिससे क्षेत्र में सतर्कता का माहौल बना रहा।
इस कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुरक्षाबल इलाके में तैनात नजर आ रहे हैं। हालांकि, NIA की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बांदीपोरा में यह सर्च ऑपरेशन किस मामले के तहत किया जा रहा है।
एजेंसी की तरफ से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के उद्देश्य और आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।



