कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस की मौजूदगी में देर रात हुआ अंतिम संस्कार

बलरामपुर : बलरामपुर जिले में एक मुस्लिम युवक के शव को दफनाने को लेकर सोमवार देर रात विवाद की स्थिति बन गई। मामला जवाहरनगर स्थित कब्रिस्तान का है, जहां मृतक आजाद अहमद के शव को दफनाने के दौरान दूसरे समाज के लोगों ने विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, मृतक आजाद अहमद सुरबेना का रहने वाला था और उसका शव जवाहरनगर के कब्रिस्तान में दफनाया जा रहा था। इसी दौरान उरांव समाज के कुछ लोगों ने कब्रिस्तान में शव दफनाने का विरोध शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
काफी समझाइश और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और प्रशासनिक तथा पुलिस टीम की मौजूदगी में रात करीब 2 बजे मृतक के शव को कब्रिस्तान में दफनाया गया।
यह पूरा मामला बलरामपुर जिले के करोंधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की शांति व्यवस्था भंग न हो।





