हॉस्टल अधीक्षक हटाए जाने के बाद सड़क पर उतरे बच्चे

बलरामपुर : जिले के पहाड़ी कोरबा आश्रम छात्रावास में अधीक्षक को हटाए जाने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। अधीक्षक के हटने से नाराज़ छात्र सड़क पर उतर आए और पैदल ही कलेक्टर से शिकायत करने निकल पड़े।
जानकारी के अनुसार, भेलवाडीह स्थित पहाड़ी कोरबा आश्रम छात्रावास के बच्चे करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हुए। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की अधीक्षिका एवं प्राचार्य द्वारा उनके साथ लंबे समय से प्रताड़ना और मनमानी की जा रही थी।
बच्चों का कहना है कि वर्तमान अधीक्षक उमा सोनवानी को हटाए जाने के बाद उनकी वापसी को लेकर वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों का दावा है कि अधीक्षक बच्चों की समस्याओं को समझती थीं और उनके हित में काम कर रही थीं।
रास्ते में प्रशासन और अन्य जिम्मेदारों द्वारा बच्चों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बच्चे कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी बात रखने की जिद पर अड़े रहे।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। खबर लिखे जाने तक बच्चों की मांगों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा जारी थी।




