RO.NO. 01
देशराजनीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गाजीपुर दौरा आज, करोड़ों की 268 परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

गाजीपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानियां, जहूराबाद, गाजीपुर और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे आम लोगों का जीवन और अधिक सुगम बनेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

गाजीपुर दौरे को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे विकास और समृद्धि को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button