RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में हुए शामिल

राजिम: मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने कहा कि भक्त माता राजिम और माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेश आज भी मानव समाज के लिए पथप्रदर्शक और कल्याणकारी हैं। हमें उनके आदर्शों और शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। मुख्यमंत्री आज राजिम के त्रिवेणी संगम पर आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान  राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साहू समाज की साहू सृजन पत्रिका का विमोचन किया। साहू समाज की ओर से मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने भक्त माता राजिम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज एक शिक्षित, संगठित और समृद्ध समाज है, जिसका इतिहास गौरवशाली रहा है। दानवीर भामाशाह और बाबा सत्यनारायण जी जैसे महान व्यक्तित्वों का आशीर्वाद इस समाज को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे प्रदेश और देश के विकास पर पड़ता है।

मुख्यमंत्री  साय ने साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह को अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि भक्त माता राजिम ने अपने त्याग, परिश्रम और समर्पण से जिस समाज को संगठित किया, वही समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।

प्रदेश के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राजिम माता के आशीर्वाद से अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बल पूरी मजबूती से अभियान चला रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित समयसीमा में बस्तर को नक्सल मुक्त किया जाएगा और राज्य को विकास व समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सिरकट्टी आश्रम में नवनिर्मित भव्य राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना का उल्लेख करते हुए इसे अत्यंत पुण्य अवसर बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर कुटेना में धर्म ध्वजा की स्थापना होना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने कहा कि साहू समाज एक संगठित और अनुशासित समाज के रूप में जाना जाता है। त्रिवेणी संगम की पावन भूमि से प्रेरणा लेकर समाज और प्रदेश के विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू ने भक्त माता राजिम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि राजिम त्याग, तपस्या, साधना और श्रम की भूमि है। उन्होंने शिक्षा और संस्कार को समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।

भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button