RO.NO. 13129/116
छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सीधे पहुँचे बाढ़ पीड़ितों के बीच!

रायपुर | बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायज़ा लेने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज सीधे लोगों के बीच पहुँचे। उन्होंने दंतेवाड़ा और बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं जमीनी सर्वेक्षण कर हालात का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि – “बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

प्रभावितों से की सीधी मुलाकात

मुख्यमंत्री  साय दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा वार्ड स्थित अस्थायी राहत शिविर पहुँचे और बाढ़ पीड़ित परिवारों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास की सतत व्यवस्था बनी रहे।

स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में चल रहे स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल टीम से दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों की देखभाल और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन की त्वरित मदद पर संतोष जताया।

क्षतिग्रस्त पुल और आधारभूत ढाँचे का निरीक्षण

मुख्यमंत्री  साय ने बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए पुल और प्रभावित गाँवों का भी जायज़ा लिया। उन्होंने सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ चेतावनी दी कि – “राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

कलेक्टोरेट में समीक्षा बैठक

इसके बाद मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा कलेक्टोरेट में जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इसमें राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, पुनर्वास योजनाओं और तत्कालिक सहायता की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक टीमों की निरंतर मौजूदगी प्रभावित गाँवों में बनी रहनी चाहिए और हर जरूरतमंद तक राहत सामग्री समय पर पहुँचना चाहिए।

विशेष संवेदनशीलता की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएँ कठिनाइयाँ अवश्य लाती हैं, लेकिन प्रशासनिक तत्परता और जनसहयोग से इनका समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने और स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

साथ रहे जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री  साय के साथ वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद  महेश कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार सिंह, राजस्व सचिव एवं आपदा राहत आयुक्त  रीना बाबा साहेब कंगाले, संभागायुक्त  डोमन सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share this
RO.NO. 13129/116

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button