दामाखेड़ा से सिरपुर तक मुख्यमंत्री साय का दौरा, माघ मेला और सिरपुर महोत्सव में रहेंगे शामिल

रायपुर, 01 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का रविवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक कार्यक्रम तय किया गया है। वे रायपुर से रवाना होकर बलौदाबाजार-भाटापारा और महासमुंद जिले में आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
सुबह की शुरुआत पार्टी कार्यक्रम से
मुख्यमंत्री सुबह मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से प्रस्थान कर भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (बोरियाकला) पहुंचेंगे। यहां वे पार्टी से जुड़े निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।
दामाखेड़ा में कबीर परंपरा से जुड़ा आयोजन
दोपहर बाद मुख्यमंत्री पुलिस ग्राउंड हेलीपैड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड स्थित दामाखेड़ा पहुंचेंगे। यहां कबीर धर्मनगर में आयोजित संत समागम समारोह (माघ मेला) में उनकी विशेष उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन कबीर पंथ की परंपराओं और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है।
सिरपुर महोत्सव में करेंगे शिरकत
दामाखेड़ा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री महासमुंद जिले के ऐतिहासिक नगरी सिरपुर के लिए रवाना होंगे। शाम को वे मेला मैदान में आयोजित सिरपुर महोत्सव 2026 में शामिल होंगे। यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन संस्कृति, विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।
शाम को रायपुर वापसी
दिनभर के कार्यक्रमों के पश्चात मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे और मुख्यमंत्री निवास में आरक्षित रहेंगे।



