राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री: स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का किया सम्मान

रायपुर | देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण का प्रतीक है।
यह कार्यक्रम खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, तथा विधायक राजेश मूणत भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को भी आमंत्रित किया गया है, जहां राज्य का विशेष स्टॉल लगाया गया है। उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल देश की एकता का प्रतीक नहीं, बल्कि फिटनेस और सामूहिक ऊर्जा का संदेश भी देता है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आज़ादी और किसानों के अधिकारों के लिए ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी संभागीय मुख्यालयों में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग प्रत्येक नगरीय निकाय को 50-50 लाख रुपये प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शाल और फल भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए रंगोली और चित्रों का अवलोकन किया गया और उपस्थित लोगों से स्वदेशी अपनाने और भारत में निर्मित वस्तुओं के उपयोग की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रिय एकता दिवस के अवसर पर रंगोली, चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और रन फॉर यूनिटी के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही ‘बस्तर ओलंपिक’ प्रचार रथ को भी हरी झंडी दिखाई गई, जो बस्तर संभाग के सभी जिलों में दौड़कर आयोजन का प्रचार करेगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के तहत आयोजित कार्यक्रम आगामी डेढ़ महीनों तक निरंतर चलेंगे। समारोह में विभागीय अधिकारी, खिलाड़ी, स्वतंत्रता सेनानी के परिजन और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



