कॉमनवेल्थ गेम्स में चमकी छत्तीसगढ़ की बेटी, मुख्यमंत्री साय ने खोला खजाना; 30 लाख और DSP पद का तोहफा

रायपुर। ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी (Deputy Superintendent of Police) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है।
199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता रजत पदक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने न सिर्फ देश, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है और यह प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
संघर्ष और मेहनत की मिसाल हैं ज्ञानेश्वरी
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी भावना के तहत ज्ञानेश्वरी यादव को आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया गया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्हें ज्ञानेश्वरी से मुलाकात का अवसर मिला था, जहां उन्होंने उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की थी। रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। अब मुख्यमंत्री निवास में सम्मान समारोह आयोजित कर उनकी उपलब्धि का अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और प्रदेश सरकार भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देती रहेगी।



