RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में येलो अलर्ट, बारिश के साथ आंधी-बिजली का खतरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश में अब तक हुई कुल बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने 10 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में 34.2 डिग्री पहुंचा तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पाली में सबसे ज्यादा 4 सेमी बारिश

प्रदेश में हुई बारिश में कोरबा जिले के पाली में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के बेलगहना में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कोरबा के हरदीबाजार और कांकेर के नेरहरपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर और छिंदगढ़ (सुकमा) में करीब 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभावी है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके साथ ही मानसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते मध्य भारत समेत छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में बारिश के साथ आंधी के आसार

राजधानी रायपुर में गुरुवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले दिनों में भी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनने की संभावना है।

27 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 सितंबर 2026 को सुबह 7:15 बजे जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है, जो सुबह 10:15 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसमें प्रदेश के कई जिलों में हल्की आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा की संभावना जताई गई है।

आंधी-बिजली के दौरान सावधानी जरूरी

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आंधी और बिजली गिरने की आशंका के बीच खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button