RO.NO. 01
देश

LPG सप्लाई पर फैली अफवाहों को लेकर केंद्र का बड़ा कदम, राज्यों को दी चेतावनी

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में रसोई गैस (एलपीजी) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार का कहना है कि भ्रामक खबरों के कारण कुछ स्थानों पर लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव बन रहा है।

इसी स्थिति को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र भेजकर सतर्क रहने और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि कई इलाकों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गलत सूचनाएं फैल रही हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल ने राज्यों से कहा है कि वे अफवाहों पर तुरंत रोक लगाने के लिए प्रभावी सूचना तंत्र तैयार करें। साथ ही लोगों को यह भरोसा दिलाया जाए कि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य तरीके से चल रही है।

केंद्र सरकार ने राज्यों को सलाह दी है कि वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से प्रेस ब्रीफिंग करें और इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से सही जानकारी साझा करें। इसके अलावा जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों को रोका जा सके।

दरअसल हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़े भू-राजनीतिक तनाव को लेकर कुछ भ्रामक संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इन संदेशों में दावा किया गया कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से कई जगह लोगों ने घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर बुक कर लिए, जिससे मांग अचानक बढ़ गई।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button