WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, 3 नए सिक्योरिटी फीचर्स से बढ़ेगी सुरक्षा

नई दिल्ली। मेटा के स्वामित्व वाले लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स की प्राइवेसी और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई नए सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं। नए अपडेट के तहत अब यूजर्स एक ही WhatsApp अकाउंट में कई पासकी जोड़ सकेंगे, टू-स्टेप वेरिफिकेशन के लिए ज्यादा मजबूत पासवर्ड बना सकेंगे और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल के बारे में अतिरिक्त जानकारी भी देख सकेंगे।
कंपनी का कहना है कि इन फीचर्स का उद्देश्य ऑनलाइन स्कैम, फ्रॉड और अकाउंट हैकिंग के खतरे को कम करना है।
एक अकाउंट में जोड़ सकेंगे कई Passkeys
WhatsApp ने पासकी फीचर को और बेहतर करते हुए मल्टी-डिवाइस सपोर्ट शुरू किया है। अब यूजर्स एक ही अकाउंट के लिए एक से ज्यादा पासकी जोड़ सकेंगे। खासकर उन लोगों को इसका फायदा मिलेगा, जो Android और iPhone दोनों डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं।
पासकी की मदद से दोबारा लॉगिन करते समय OTP या वेरिफिकेशन कोड की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर फिंगरप्रिंट, Face ID या स्क्रीन लॉक के जरिए सुरक्षित तरीके से अकाउंट एक्सेस कर सकता है।
पासकी जोड़ने के लिए WhatsApp की Settings में जाकर Account और फिर Passkeys विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है।
6 अंकों के PIN की जगह बना सकेंगे मजबूत पासवर्ड
WhatsApp ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन में भी अहम बदलाव किया है। पहले यूजर्स को मुख्य रूप से 6 अंकों का PIN सेट करना होता था, लेकिन अब सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अक्षरों, अंकों और स्पेशल कैरेक्टर को मिलाकर ज्यादा जटिल पासवर्ड बनाया जा सकेगा।
कंपनी ने यूजर्स को आसान पासवर्ड या 123456 जैसे कमजोर PIN का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है। मजबूत पासवर्ड साइबर अपराधियों के लिए अकाउंट तक पहुंच बनाना मुश्किल कर सकता है।
अनजान नंबर से कॉल पर मिलेगी अहम जानकारी
साइबर ठगी के मामलों में अनजान नंबरों से आने वाली कॉल का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में WhatsApp ने अनसेव्ड नंबरों से आने वाली कॉल के दौरान यूजर्स को अतिरिक्त जानकारी देने वाला फीचर पेश किया है।
Android यूजर्स को कॉल आने के समय यह जानकारी मिल सकती है कि कॉल करने वाला नंबर किस देश का है और क्या वह व्यक्ति किसी ऐसे WhatsApp ग्रुप में शामिल है, जिसमें यूजर भी मौजूद है। इससे यूजर को कॉल रिसीव करने, नजरअंदाज करने या नंबर को ब्लॉक करने का फैसला लेने में मदद मिलेगी।
WhatsApp ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसके पर्सनल मैसेज और कॉल्स में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा पहले की तरह बरकरार रहेगी। यानी नए सिक्योरिटी फीचर्स के साथ यूजर्स की निजी बातचीत की सुरक्षा भी बनी रहेगी।



