बस्तर रेंज में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर

बीजापुर–सुकमा | बस्तर रेंज में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर और सुकमा जिलों के सीमावर्ती दक्षिणी इलाकों में हुई मुठभेड़ों के दौरान कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 नक्सली शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के तहत डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीमें दक्षिण बस्तर क्षेत्र में रवाना की गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ शुरू हुई, जबकि सुकमा जिले में सुबह लगभग 8 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी की स्थिति बनी हुई है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थलों से AK-47, INSAS और SLR राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा रही हैं, ताकि अभियान में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अंतिम परिणाम अलग से जारी किए जाएंगे।



