RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

नारायणपुर को बड़ी सौगात, नालंदा परिसर से बढ़ेगी शिक्षा और विकास की रफ्तार

रायपुर, 08 अप्रैल 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान जिले को 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले के विकास को नई गति दी।

उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) के निर्माण से जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा। अब अबूझमाड़ और नारायणपुर के छात्र भी उच्च शिक्षा में आगे बढ़कर इंजीनियर, डॉक्टर और शासकीय सेवाओं में अपना स्थान बना सकेंगे।

नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि इस अवसर पर नेशनल हाईवे 130डी के मजबूतीकरण कार्य, नालंदा परिसर सहित डीएमएफ और नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत कुल 11 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तीन हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए के चेक प्रदान किए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

वन मंत्री ने गढ़बेंगाल चौक से बखरूपारा मार्ग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी के मजबूतीकरण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प साकार हुआ है, जिससे नारायणपुर और अबूझमाड़ के विकास का मार्ग और अधिक सुगम हो गया है।

कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, संध्या पवार, गौतम एस. गोलछा, बृजमोहन देवांगन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button