लाखों के कच्चे हीरों के साथ भाटापारा का व्यापारी गिरफ्तार
146 नग हीरे जब्त, कीमत करीब 10 लाख 5 हजार रुपये; मोबाइल और नकदी सहित 10.15 लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद

भाटापारा/धमतरी। धमतरी पुलिस ने बहुमूल्य कच्चे हीरों की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भाटापारा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 146 नग कच्चे हीरे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल निवासी भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास रखी पॉलीथीन से 146 सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।
2018 में पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया है। जब्त पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम तथा शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग गैलेक्सी S21 FE 5G मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
खनिज अधिनियम और BNS के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 21(4) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय कुरूद में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।



