पोस्ट-पोल हिंसा से दहला बंगाल, BJP और TMC कार्यकर्ताओं की मौत, व्यापक तोड़फोड़

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें दो भाजपा और एक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े बताए जा रहे हैं।
न्यू टाउन क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विजय जुलूस के दौरान कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गुस्साए भाजपा समर्थकों ने इलाके में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम की और कुछ स्थानों पर टीएमसी समर्थकों के घरों को निशाना बनाया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा।
दूसरी ओर, बीरभूम जिले के नानूर में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की हत्या का आरोप भाजपा समर्थकों पर लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में विवाद के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है।
इसी बीच हावड़ा के उदय नारायणपुर से भाजपा कार्यकर्ता यादव बर की मौत की खबर भी सामने आई है। उनके परिजनों का दावा है कि धार्मिक नारे लगाने और जश्न मनाने के दौरान उन पर हमला किया गया।
इन घटनाओं को लेकर दोनों राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। टीएमसी नेताओं ने भाजपा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन दावों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
राज्य के कई अन्य हिस्सों से भी तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें सामने आई हैं। टालीगंज के बिजयगढ़-नेताजी नगर इलाके में एक चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, जबकि कस्बा क्षेत्र में भी एक जनप्रतिनिधि के कार्यालय को नुकसान पहुंचाया गया। हावड़ा, उत्तर 24 परगना और मुर्शिदाबाद सहित कई जिलों में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि सभी घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने स्थानीय प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



