RO.NO. 01
मनोरंजन

‘हैवान’ में अक्षय कुमार की खलनायकी, इन फिल्मों में भी दिख चुका है उनका डार्क अंदाज

मुंबई। बॉलीवुड में कलाकारों के लिए अब किसी एक तरह के किरदार तक सीमित रहने का दौर खत्म हो चुका है। अभिनेता भी अलग-अलग जॉनर और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं के साथ प्रयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में अक्षय कुमार जल्द ही क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में खलनायक की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब अक्षय पर्दे पर नेगेटिव किरदार निभाने जा रहे हैं। अपने लंबे करियर में वह कई फिल्मों में विलेन और ग्रे शेड वाले किरदारों से दर्शकों को चौंका चुके हैं।

अक्षय कुमार को आमतौर पर एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के हीरो के तौर पर पहचान मिली है, लेकिन जब भी उन्होंने नेगेटिव किरदार आजमाया, उनका अंदाज काफी अलग नजर आया। आइए जानते हैं उन फिल्मों के बारे में, जिनमें अक्षय ने खलनायक या नकारात्मक भूमिका निभाई।

‘अफलातून’ में निभाया था डबल रोल

साल 1997 में आई एक्शन-कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘अफलातून’ में अक्षय कुमार डबल रोल में नजर आए थे। उन्होंने राजा और रॉकी नाम के दो बिल्कुल अलग किरदार निभाए।

राजा एक छोटा-मोटा चोर होता है, जबकि रॉकी बेहद खतरनाक और बेरहम हत्यारा होता है। शक्ल एक जैसी होने के कारण रॉकी राजा की जिंदगी में मुसीबतें खड़ी कर देता है और उसे ब्लैकमेल करता है। फिल्म में अक्षय ने एक ही समय पर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों शेड वाले किरदारों को पर्दे पर उतारा था।

‘खिलाड़ी 420’ में शातिर ठग बने अक्षय

साल 2000 की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘खिलाड़ी 420’ में भी अक्षय कुमार डबल रोल में नजर आए। फिल्म में उनके किरदारों के नाम देव कुमार मल्होत्रा और आनंद कुमार मल्होत्रा थे।

देव एक चालाक और धोखेबाज ठग होता है, जो खुद को सफल बिजनेसमैन बताकर रितु को अपने जाल में फंसाता है। इसके बाद वह उसकी संपत्ति हासिल करने के लिए खतरनाक साजिश रचता है। वहीं, उसके भाई आनंद को जब देव की सच्चाई का पता चलता है तो वह रितु की मदद करने का फैसला करता है।

‘अजनबी’ में विक्रम बजाज बनकर जीता अवॉर्ड

अक्षय कुमार के सबसे चर्चित नेगेटिव किरदारों में ‘अजनबी’ का विक्रम बजाज यानी विक्की भी शामिल है। साल 2001 में आई इस सस्पेंस थ्रिलर में अक्षय ने एक चालाक और खतरनाक नकारात्मक किरदार निभाया था।

इस भूमिका के लिए अक्षय कुमार को काफी सराहना मिली और उन्होंने फिल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड अपने नाम किया। यह उनके करियर के यादगार नेगेटिव किरदारों में गिना जाता है।

‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा’ में बने अंडरवर्ल्ड डॉन

साल 2013 में रिलीज हुई ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा’ में अक्षय कुमार ने अंडरवर्ल्ड डॉन शोएब खान का किरदार निभाया था। यह फिल्म 2010 में आई ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई’ का सीक्वल थी।

फिल्म में शोएब अपने गुरु सुल्तान मिर्जा की हत्या के बाद मुंबई के अंडरवर्ल्ड पर अपना दबदबा कायम कर लेता है। अक्षय का यह किरदार उनके सामान्य हीरो इमेज से काफी अलग था।

‘2.0’ में दिखा सबसे अलग विलेन अवतार

अक्षय कुमार ने साल 2018 में आई साइंस-फिक्शन फिल्म ‘2.0’ में डॉ. रिचर्ड यानी पक्षीराजन का किरदार निभाया था। फिल्म में वह एक वैज्ञानिक और पर्यावरण के प्रति समर्पित व्यक्ति से खतरनाक विलेन में बदल जाता है।

इस किरदार का लुक बेहद अलग और डरावना था। इसे तैयार करने के लिए अक्षय को रोजाना कई घंटे प्रोस्थेटिक मेकअप से गुजरना पड़ता था। फिल्म में उनका यह अवतार उनके अब तक के सबसे चर्चित विलेन लुक्स में शामिल रहा।

अब ‘हैवान’ में अक्षय कुमार एक बार फिर नकारात्मक किरदार में नजर आने वाले हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार उनका विलेन अवतार दर्शकों के बीच कितना प्रभाव छोड़ता है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button