नीदरलैंड के खिलाफ भारत का मिशन विजय, संभावित टीम और रणनीति पर एक नजर

हैदराबाद। भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो उसकी नजर सिर्फ जीत दर्ज करने पर नहीं, बल्कि अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग की कमियों को दूर करने पर भी होगी। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में जीत हासिल करने के बावजूद भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह संतोषजनक नहीं रहा था।
पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने जिम्मेदारी भरी पारियां खेलकर टीम को संभाला था, लेकिन मध्यक्रम की बल्लेबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और भारती फुलमाली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला भारतीय बल्लेबाजों के लिए फॉर्म हासिल करने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
गेंदबाजी विभाग में भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। अनुभवी दीप्ति शर्मा और युवा श्री चरणी की जोड़ी ने विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। दीप्ति ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया, जबकि श्री चरणी ने अपनी विविधताओं से बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ अपेक्षित प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रहीं। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में शुरुआती सफलताएं दिलाकर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगी।
भारतीय टीम की फील्डिंग भी चर्चा का विषय रही। पिछले मैच में शुरुआती ओवरों के दौरान कुछ आसान मौके गंवाए गए थे, हालांकि बाद में खिलाड़ियों ने शानदार कैच लेकर स्थिति संभाली। टीम प्रबंधन आगामी बड़े मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्ररक्षण में और सुधार की उम्मीद कर रहा है। ग्रुप चरण में भारत को आगे ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से भी भिड़ना है।
दूसरी ओर, नीदरलैंड्स की टीम बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद दबाव में है। कप्तान बाबेट डी लीडे ने स्वीकार किया कि उनकी टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी गलतियों से सीख लेकर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
कागजों पर भारतीय टीम इस मुकाबले में मजबूत दावेदार नजर आ रही है, लेकिन टीम का लक्ष्य केवल दो अंक हासिल करना नहीं बल्कि अपने खेल को और निखारना भी होगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले में भारत के आक्रामक और अनुशासित प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
नीदरलैंड्स: स्टेरे कालिस, सान्या खुराना, फीबे मोल्केनबोयर, बाबेट डी लीडे (कप्तान एवं विकेटकीपर), रोबिन रिज्के, आइरिस ज्विलिंग, हीदर सीगर्स, फ्रेडरिक ओवरडाइक, कैरोलिन डी लांगे, सिल्वर सीगर्स, इसाबेल वोनिंग।



