
भाटापारा। रामनवमी के पावन अवसर पर भाटापारा शहर में 26 मार्च को भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। धर्म सेना के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं और विभिन्न समाजों व संगठनों द्वारा इसे ऐतिहासिक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा 26 मार्च को शाम 4 बजे महासती मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गोविंद चौक, रामसत्ता चौक, जय स्तंभ चौक, फव्वारा चौक मार्ग होते हुए महारानी चौक स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां हनुमान चालीसा के पाठ के साथ समापन किया जाएगा।
शोभायात्रा के दौरान भारत माता चौक में भगवान राम एवं भारत माता की आरती की जाएगी, साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी। इस बार शोभायात्रा में भगवान राम की आदमकद मूर्ति विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, वहीं रथ पर सजे राम दरबार की सजीव झांकियां धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश देंगी।
पूरे शहर में स्वागत द्वार, झंडे-तोरण और भव्य सजावट की जा रही है। संतों की उपस्थिति से आयोजन आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहेगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर राम सप्ताह मंडप में बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
शहरवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



