भाटापारा में बेकाबू ट्रक का तांडव, दो लोगों को रौंदने के बाद कई लोगों की जान पर मंडराया खतरा; पुलिस की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

भाटापारा:- शहर में सीजी 08 AX 6011 नंबर के ट्रक ने दो लोगों को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ता रहा। बेकाबू ट्रक को रोकने के लिए लोगों ने करीब 7 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। इस दौरान रेलवे अंडरब्रिज के पास ट्रक की रफ्तार और अनियंत्रित स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही थी कि वह कई अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले सकता है।


हालात की गंभीरता को देखते हुए भाटापारा पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए ट्रक को रोक लिया। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और कई लोगों की जान बच गई।घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा एसडीओपी मयंक, शहर थाना प्रभारी अमित पाटले, यातायात प्रभारी नरेश कांगे सहित ग्रामीण थाना के पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात एवं मौके की व्यवस्था सामान्य कराई।



