रामानुजगंज वन वाटिका बनेगी जिले का नया ईको-टूरिज्म हब

रामानुजगंज : रामानुजगंज जहां नगर की पहचान बन चुकी वन वाटिका को अब जिले के नए ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने आज वन वाटिका में 1 करोड़ 49 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया है। इस सौगात के बाद रामानुजगंज की वन वाटिका की तस्वीर पूरी तरह से बदल जाएगी।
रामानुजगंज वन वाटिका को अब तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा – बाल वाटिका, जल वाटिका और सौंदर्य वाटिका के रूप में।
नए विकास कार्यों के तहत पार्क में पर्यटकों के लिए नौका विहार, ओपन जिम, चिल्ड्रन पार्क और फ्लोटिंग प्लेटफॉर्म जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह पार्क बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि वन वाटिका के विकसित होने से रामानुजगंज में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन बढ़ेगा तो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार का लक्ष्य है कि रामानुजगंज को पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई जाए।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद वन वाटिका न केवल रामानुजगंज बल्कि पूरे बलरामपुर जिले वासियों के लिए घूमने और मनोरंजन का सबसे बेहतरीन स्थल बनकर उभरेगी।



