RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मानसून अब छत्तीसगढ़ से ले सकता है विदाई, कई इलाकों में परिस्थितियां अनुकूल

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके चलते आगामी दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

शुक्रवार को बीजापुर को छोड़कर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। बीजापुर में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा

प्रदेश में शुक्रवार को तापमान में क्षेत्रवार अंतर देखने को मिला। राजनांदगांव 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

इसके अलावा अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री, जगदलपुर में 21.6 डिग्री और दुर्ग में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री दर्ज किया गया। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कई राज्यों में मानसून की वापसी के लिए अनुकूल हालात

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है। अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों के साथ गुजरात तथा मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।

इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने के संकेत हैं।

रायपुर में आज साफ रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 3 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को रायपुर में सुबह और शाम दोनों समय बारिश दर्ज नहीं हुई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। फिलहाल बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button