हवा में अचानक फेल हुआ Indigo विमान का इंजन, 14 हजार फीट पर मचा हड़कंप

गोवा। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर इंजन में समस्या आने के बाद विमान में हड़कंप मच गया। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी, जिसके बाद गोवा एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
पायलटों की सूझबूझ और एटीसी की तत्परता से विमान को सुरक्षित वापस गोवा एयरपोर्ट लाया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
14 हजार फीट पर आई इंजन में खराबी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान 6E 2102 ने सुबह करीब 9:16 बजे गोवा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। ‘Flightradar24’ के डेटा के अनुसार, दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र के ऊपर करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तत्काल एटीसी को आपातकालीन संदेश भेजा। इसके बाद करीब 9:30 बजे गोवा एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई और विमान को प्राथमिकता के आधार पर वापस उतरने की अनुमति दी गई।
रनवे 28 पर सुरक्षित उतारा विमान
पायलटों ने बेहद सावधानी और संयम के साथ विमान को वापस गोवा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा। करीब 9:51 बजे विमान की रनवे 28 पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसके बाद 10:03 बजे स्थिति सामान्य होने पर एटीसी ने फुल इमरजेंसी खत्म कर दी।
विमान को बे नंबर 6 पर पार्क किए जाने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग लाउंज में ठहराया गया।
दोपहर 3:30 बजे के लिए रीशेड्यूल हुई फ्लाइट
इंजन में खराबी के बाद विमान की तकनीकी जांच और जरूरी क्लीयरेंस की प्रक्रिया शुरू की गई। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट को दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के लिए रीशेड्यूल किया गया है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है।
विमान के इंजन में अचानक आई खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते पायलट और एटीसी द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों से एक संभावित बड़ा विमान हादसा टल गया।



