PM मोदी का देशवासियों को बड़ा संदेश, बोले- विदेश यात्रा और गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर (GDP Growth Rate) हासिल करने पर देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पर एक विशेष वीडियो संदेश साझा करते हुए इस उपलब्धि को 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प और पुरुषार्थ की जीत बताया। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का जिक्र करते हुए लोगों से स्वदेशी अपनाने और विदेशी निर्भरता कम करने की अपील की।
वैश्विक संकट के बीच भारत की तेज रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया युद्ध, सप्लाई चेन में बाधा और कोविड के बाद की आर्थिक अनिश्चितताओं से जूझ रही है। इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बीच 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना देश की आर्थिक ताकत को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं और लगातार झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमाम बाधाओं को पार करते हुए भारत ने अपनी विकास क्षमता साबित की है।
‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ से बचने की अपील
प्रधानमंत्री ने अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर दिया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि यदि विदेश यात्रा जरूरी न हो तो उससे बचें और शादियों के लिए विदेश जाने के बजाय देश में ही आयोजन करें।
पीएम मोदी ने कहा कि देश का पैसा देश में रहेगा तो इसका लाभ भारतीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा और स्थानीय कारोबार, पर्यटन तथा रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
गैर-जरूरी सोना खरीदने से भी बचें
प्रधानमंत्री ने लोगों से यह भी अपील की कि यदि सोना खरीदना बहुत जरूरी न हो तो गैर-जरूरी खरीदारी से बचें। उनका कहना है कि देश की पूंजी को देश के विकास में इस्तेमाल करने की जरूरत है।
उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय वस्तुओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। पीएम मोदी के मुताबिक, नागरिकों के छोटे-छोटे फैसले मिलकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि यदि नीति सही हो और नीयत साफ हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक यानी 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने देशवासियों से आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और संकल्प की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज किए गए प्रयासों से आने वाली युवा पीढ़ी को एक अधिक समृद्ध और विकसित भारत सौंपने का सपना साकार किया जा सकता है।



