नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास नवंबर 2025 में हुए धमाके को लेकर संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति की निगरानी टीम की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, लाल किले के पास हुए इस आतंकी हमले के लिए अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) को जिम्मेदार ठहराया गया है। इस खुलासे के बाद मामले की जांच को एक अंतरराष्ट्रीय संदर्भ भी मिल गया है।
विकेंद्रीकृत नेटवर्क के तौर पर काम कर रहा AQIS
रिपोर्ट के अनुसार, AQIS अब पहले की तुलना में अधिक विकेंद्रीकृत तरीके से काम कर रहा है। संगठन छोटे-छोटे सेल और इकाइयों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। निगरानी टीम ने अफगानिस्तान में संगठन की मौजूदगी और बांग्लादेश में अपने नेटवर्क को विस्तार देने की उसकी कोशिशों पर भी चिंता जताई है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि AQIS से जुड़े कुछ आतंकी काबुल में रह रहे हैं और अफगान पहचान-पत्रों का इस्तेमाल कर अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए हैं।
डिजिटल करेंसी के इस्तेमाल को लेकर भी चिंता
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में आतंकवादी संगठनों द्वारा फंडिंग के नए तरीकों को लेकर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े समूहों की केमिकल और बायोलॉजिकल सामग्री हासिल करने में रुचि बनी हुई है।
इसके अलावा आतंकवादी संगठन फंड जुटाने और उसे अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल करेंसी और क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। निगरानी टीम ने सुझाव दिया है कि प्रतिबंधों के दायरे में आने वाले आतंकी संगठनों से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी एड्रेस को भी संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध सूची में शामिल करने पर विचार किया जाना चाहिए।
NIA कर रही लाल किले के पास हुए धमाके की जांच
नवंबर 2025 में लाल किले के पास एक वाहन में हुए धमाके में कई लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। भारतीय जांच एजेंसियों ने इस घटना को आतंकी हमले के तौर पर लिया और मामले की जांच
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने हमले के पीछे किसी बड़े आतंकी नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल की। भारतीय जांचकर्ताओं ने कथित तौर पर इस मामले को कट्टरपंथी विचारधारा वाले कुछ पेशेवरों और AQIS से जुड़े संदिग्धों के नेटवर्क से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई है।
UN रिपोर्ट से जांच को मिला नया अंतरराष्ट्रीय एंगल
संयुक्त राष्ट्र की निगरानी टीम की रिपोर्ट में AQIS को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने की बात सामने आने के बाद लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में एक नया अंतरराष्ट्रीय पहलू जुड़ गया है। अब भारतीय एजेंसियों की जांच के साथ-साथ AQIS के क्षेत्रीय नेटवर्क और उसकी गतिविधियों पर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रखी जा रही है।
Share this