कलेक्टर का दो टूक लापरवाही बर्दास्त नहीं मुख्यालय से गायब 2 सचिव, 11 पटवारी और 16 आरएईओ को नोटिस, कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

बलौदाबाजार। जिले में अपने निर्धारित मुख्यालय से अनुपस्थित रहने वाले ग्राम पंचायत सचिवों, पटवारियों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संपर्क केंद्र के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर 2 ग्राम पंचायत सचिव, 11 पटवारी और 16 ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय और कार्यालय में समय पर उपलब्ध रहें, ताकि ग्रामीणों और आम लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने 3 से 12 माह तक लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से आगे न बढ़ाया जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जर्जर सड़कों पर पैच रिपेयर, 15 अक्टूबर से निर्माण की तैयारी
जिले की जर्जर सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन सड़कों के मरम्मत एवं निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है, उनका बरसात के बाद नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू किया जाए। वहीं वर्तमान में लोगों के सुचारु आवागमन के लिए जरूरी स्थानों पर पैच रिपेयर का काम लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से सड़क निर्माण कार्य विधिवत शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी कर ली जाएं।
जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई के निर्देश
बारिश के दौरान नगरीय निकायों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नालियों की उचित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पंप सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
15 अगस्त और योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में 15 अगस्त की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। वहीं ‘सुघर छत्तीसगढ़ अभियान’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए प्रत्येक विकासखंड की दो-दो ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर संतृप्तिकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन, लंबित राजस्व प्रकरण, सीपी ग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, स्वामित्व योजना, एग्रीस्टैक पंजीयन, डिजिटल किसान किताब और सेवा सेतु पोर्टल सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



