मौसम ने बदली करवट, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का कहर जारी है। असम और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 अगस्त को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार और असम समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मौसम अचानक खराब होने की भी चेतावनी दी गई है।
असम में बाढ़ से हालात गंभीर, 97 लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार को दो और लोगों की मौत हुई, जिसके बाद इस साल बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या 97 हो गई है।
राज्य के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और प्रभावित लोगों की संख्या 1.68 लाख से अधिक हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार छह जिलों में 133 राहत शिविर और राहत सामग्री वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में करीब 45 हजार विस्थापित लोगों को आश्रय और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 7 अगस्त को दिल्ली में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक राजधानी में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
यूपी-बिहार में भी तेज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, इटावा और कानपुर में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार के रोहतास, भोजपुर, बक्सर, सिवान, अरवल, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में बारिश के साथ आंधी की संभावना है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट
राजस्थान के दौसा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, शाहपुरा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और अलवर में बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में खंडवा, खरगोन, मंडला, देवास, बालाघाट, रायसेन, पन्ना, दमोह, शहडोल, नीमच और विदिशा समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। पुंछ, जम्मू, कुलगाम, कठुआ, गांदरबल, बांदीपोरा, राजौरी, मुजफ्फराबाद और किश्तवाड़ में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बादल फटने की घटनाओं का खतरा भी जताया गया है। भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं।
उत्तराखंड में केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और केदारनाथ का रास्ता बाधित बताया गया है। मौसम विभाग ने नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा, सोलन, मंडी, बिलासपुर और शिमला में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और संवेदनशील पहाड़ी व जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



