RO.NO. 01
देशराजनीति

हंगामे की भेंट चढ़ी लोकसभा की कार्यवाही, टैक्स संशोधन बिल पेश कर सदन बुधवार तक स्थगित

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन मंगलवार को भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर विपक्ष ने संसद परिसर से लेकर दोनों सदनों तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लगातार हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित करते हुए बुधवार तक टाल दी गई।

संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार पर एकत्र हुए और राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने सरकार से इस मुद्दे पर सदन में जवाब देने और पारदर्शिता बरतने की मांग की।

लोकसभा में हंगामे के बीच विधायी कार्य

सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके कारण लोकसभा कुछ ही मिनट चल सकी। दोपहर 2 बजे दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा। पीठासीन अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन विरोध जारी रहने पर कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई।

हंगामे के बीच लोकसभा ने एप्रोप्रिएशन (संख्या-3) बिल, 2026 को मंजूरी दे दी। इसके अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल, 2026 पेश किया। इस विधेयक का उद्देश्य पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स एक्ट, आयकर कानून और वित्त अधिनियम में संशोधन कर वित्तीय एवं कराधान व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

राज्यसभा में भी जारी रहा विरोध

राज्यसभा में भी विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की। हालांकि शोर-शराबे के बीच सभापति ने आवश्यक विधायी कार्य आगे बढ़ाए। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को विचार एवं पारित करने के लिए सदन में प्रस्तुत किया।

प्रधानमंत्री ने NDA सांसदों के साथ की बैठक

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए के कई वरिष्ठ सांसद मौजूद रहे। बैठक में आगामी संसदीय रणनीति और लंबित विधायी कार्यों पर चर्चा की गई।

E20 ईंधन नीति पर AAP का विरोध मार्च

संसद के बाहर आम आदमी पार्टी ने E20 ईंधन नीति के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार की मांग की। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि E20 नीति स्वच्छ ईंधन, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button