RO.NO. 01
देश

अश्विनी वैष्णव के जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बोले- विकसित भारत के अहम सूत्रधार

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने रेलवे आधुनिकीकरण, डिजिटल इंडिया, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुभकामना संदेश साझा करते हुए कहा कि अश्विनी वैष्णव देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रौद्योगिकी व नवाचार से जुड़े भविष्य के क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के उनके प्रयास सराहनीय हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अश्विनी वैष्णव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेलवे, डिजिटल इंडिया और जनसंचार के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल हो रही हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम से उनके स्वस्थ, यशस्वी और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि अश्विनी वैष्णव भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सूचना एवं प्रसारण क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी अश्विनी वैष्णव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अश्विनी वैष्णव भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ-साथ देश को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना की।

देशभर के नेताओं ने अपने शुभकामना संदेशों में अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व, कार्यशैली और भारत के बुनियादी ढांचे एवं डिजिटल विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button