RO.NO. 01
बड़ी खबर

ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप, युवक ने पिया जहर, विधायक ने उठाए सवाल, जांच की मांग..

एस डी एम ने कहा आरोप निराधार

बलौदाबाजार/कसडोल। कसडोल क्षेत्र में पदस्थ एक महिला नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले के सामने आते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, नायब तहसीलदार द्वारा अवैध परिवहन के मामले में तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए थे। आरोप है कि इनमें से दो ट्रैक्टर कथित रूप से पैसों के लेन-देन के बाद छोड़ दिए गए, जबकि तीसरे ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस बीच मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है। क्षेत्रीय विधायक संदीप साहू ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में अवैध वसूली चरम सीमा पर पहुंच चुकी है और इस तरह की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

विधायक ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध वसूली से जुड़ा प्रतीत होता है, इसलिए इसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

संदीप साहू ने यह भी कहा कि इस मामले में पीड़ित ग्रामीण किसान हैं, जिनके साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित किसान की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की अलग से जांच कराने की मांग भी की है।

वहीं, कसडोल एस डी एम राम रतन दुबे ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार से कोई रेती (रेत) से जुड़ी गाड़ी नहीं छोड़ी गई है और 50 हजार रुपये मांगने का आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी।
एसडीएम ने यह भी बताया कि वे स्वयं ट्रैक्टर चालक से मिलने गए थे। फिलहाल चालक स्वस्थ है और डॉक्टरों की निगरानी में है।
अब इस मामले में एक ओर जनप्रतिनिधि द्वारा जांच की मांग की जा रही है, तो दूसरी ओर प्रशासन आरोपों से इनकार कर रहा है। ऐसे में निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button