RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शौर्य चक्र से सम्मानित छत्तीसगढ़ पुलिस के जांबाज अधिकारियों को दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आयोजित ‘रक्षा अलंकरण समारोह’ में छत्तीसगढ़ पुलिस के बहादुर अधिकारियों इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह सम्मान दोनों अधिकारियों के अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए दोनों अधिकारियों ने जिस वीरता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस के इन वीर अधिकारियों ने अपने साहसिक कार्यों से न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। शौर्य चक्र जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं को भी राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

वित्त मंत्री ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को उनके शौर्य, समर्पण और सेवाभाव पर गर्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अधिकारी भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button