पीपल पेड़ के नीचे खाट पर बैठे मुख्यमंत्री, गांव की चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के तहत पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसला के आकस्मिक दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस अचानक दौरे से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री साय ने किसी औपचारिक मंच की बजाय पीपल पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और सीधे ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के तहत चल रही शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और यह भी जाना कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल भी उपस्थित रहे।



