CG में ट्रांसफर पर ब्रेक: जनगणना ड्यूटी में लगे अफसर-कर्मचारियों के तबादलों पर रोक, विशेष परिस्थिति में ही मिलेगी अनुमति

रायपुर, 28 अप्रैल 2026 ; छत्तीसगढ़ शासन ने जनगणना 2027 के मद्देनज़र बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है। यह रोक तब तक प्रभावी रहेगी जब तक जनगणना का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना का पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच मकान सूचीकरण और आवास गणना के रूप में संपन्न होगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की स्थिरता जरूरी मानी गई है।
सरकार ने यह भी कहा है कि केवल अत्यावश्यक और विशेष परिस्थितियों में ही स्थानांतरण किया जा सकेगा, जिसके लिए सक्षम स्तर से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।आदेश में सभी विभागों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि जनगणना कार्य में लगे जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर के मैदानी अमले का तबादला न किया जाए।यह निर्णय प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने और जनगणना जैसे बड़े कार्य को बिना किसी व्यवधान के पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।



