ट्रंप का भड़काऊ बयान: ‘होर्मुज खोल दो, नहीं तो नरक बना देंगे’

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि ईरान को जल्द से जल्द होर्मुज जलडमरूमध्य खोलना चाहिए, वरना अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई करने के लिए मजबूर हो सकता है।
ट्रंप ने कहा कि हालात तेजी से गंभीर होते जा रहे हैं और यदि तय समयसीमा के भीतर कोई समाधान नहीं निकला, तो अमेरिका ईरान के अहम ठिकानों को निशाना बना सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि संभावित कार्रवाई में बिजली संयंत्र और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पुल भी शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले भी ट्रंप ईरान को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सामान्य नहीं हुई, तो अमेरिका कड़े कदम उठाएगा। उनका कहना है कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए यह समुद्री मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है।
दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक माना जाता है। यहां किसी भी तरह का तनाव या रुकावट अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर डाल सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है, तो पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया भर के देश इस घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं।



