IPL 2026: पेस अटैक मजबूत, पर क्या मिडिल ऑर्डर बनेगा गुजरात की सबसे बड़ी चुनौती?

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गुजरात टाइटंस एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में टीम इस सीजन संतुलित नजर आ रही है, खासकर तेज गेंदबाजी विभाग में उसके पास मजबूत विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, बल्लेबाजी के मध्यक्रम को लेकर टीम प्रबंधन के सामने कुछ सवाल जरूर खड़े हैं।
गुजरात के लिए इस बार भी पारी की शुरुआत शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी करती दिखाई दे सकती है। दोनों बल्लेबाजों ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को कई मजबूत शुरुआत दिलाई थीं। इसके अलावा टीम को इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर से भी बड़ी उम्मीदें होंगी, लेकिन हालिया समय में उनका फॉर्म उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, जिससे टीम की चिंता थोड़ी बढ़ गई है।
मध्यक्रम की बात करें तो शेरफेन रदरफोर्ड के टीम से बाहर होने के बाद नंबर चार की जगह खाली हो गई है। इस कमी को पूरा करने के लिए फ्रेंचाइजी ने नीलामी में ग्लेन फिलिप्स और टॉम बैंटन को अपने साथ जोड़ा है। हालांकि, इन दोनों खिलाड़ियों का आईपीएल में प्रदर्शन अब तक बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है, लेकिन फिलिप्स ने हाल ही में टी-20 विश्व कप में बेहतर खेल दिखाकर अपनी क्षमता जरूर साबित की है।
टीम के निचले क्रम में शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, ऑलराउंडर जेसन होल्डर के जुड़ने से टीम को अतिरिक्त मजबूती मिली है। होल्डर बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिससे टीम का संतुलन बेहतर हुआ है।
गेंदबाजी की बात करें तो गुजरात टाइटंस का तेज आक्रमण इस सीजन उसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। टीम के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और ईशांत शर्मा जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं। खास तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा पिछले सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे, जबकि सिराज भी अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा लुक वुड और युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा भी टीम के पास विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।
स्पिन विभाग में राशिद खान की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। हालांकि पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत फीका रहा था, लेकिन अगर वह अपनी लय में लौटते हैं तो गुजरात के लिए विपक्षी बल्लेबाजों को रोकना काफी आसान हो सकता है।
कुल मिलाकर, मजबूत गेंदबाजी के साथ गुजरात टाइटंस इस सीजन खिताब की दावेदार जरूर नजर आती है, लेकिन टीम की असली परीक्षा उसके मध्यक्रम की स्थिरता पर निर्भर करेगी।



