राजादेवरी में विशेष ग्राम सभा आयोजित, “मोर गांव मोर पानी 2.0” के तहत जल संरक्षण की दिलाई शपथ

कसडोल। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर बुधवार को कसडोल विकासखंड के ग्राम पंचायत राजादेवरी में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत जल संचयन और जल संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
ग्राम सभा में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था के संचालन एवं संधारण को सुदृढ़ बनाने के लिए जल प्रभार निर्धारण का प्रस्ताव पारित कर अनुमोदित किया गया। जल प्रभार से प्राप्त राशि के संधारण हेतु संबंधित पंजियों के रख-रखाव, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण पंजी तथा निरीक्षण पंजी के संधारण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा ग्राम पंचायत में निर्मित सभी प्रधानमंत्री आवासों में शत-प्रतिशत रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना तैयार करने का संकल्प लिया गया। अन्य विकासात्मक विषयों पर भी ग्राम सभा में विचार-विमर्श किया गया।
ग्राम सभा के सफल आयोजन हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी दिनेश साहू एवं पटवारी विनीता सोनवानी ने ग्राम सभा में उपस्थित होकर कार्यवाही में भाग लिया और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई।


