RO.NO. 01
देश

भारतीय सेना की मुस्तैदी से पाकिस्तानी ड्रोन लौटने को मजबूर

पुंछ (जम्मू-कश्मीर)। पुंछ जिला में नियंत्रण रेखा (LoC) पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय सीमा के भीतर एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन घुसपैठ की कोशिश करता दिखाई दिया। दिगवार इलाके में आसमान में मंडराते ड्रोन को देखते ही मुस्तैद जवानों ने तत्काल कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, फॉरवर्ड पोस्ट पर तैनात सैनिकों ने सुबह करीब 6:10 बजे ड्रोन की गतिविधि नोटिस की। इसके बाद भारतीय सेना के जवानों ने उसे मार गिराने के उद्देश्य से एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दबाव में ड्रोन कुछ ही देर में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की दिशा में लौट गया।

सर्च ऑपरेशन जारी

घटना के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित कर रही हैं कि ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में किसी प्रकार के हथियार, गोला-बारूद या मादक पदार्थ न गिराए गए हों। इलाके के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

तीन दिन में दूसरी घटना

पिछले तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब LoC पर ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि देखी गई है। 27 फरवरी को भी इसी क्षेत्र में जवानों ने एक ड्रोन पर फायरिंग कर उसे खदेड़ा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए नियंत्रण रेखा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर किसी भी प्रकार की घुसपैठ या संदिग्ध गतिविधि का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button