बीजापुर में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, दो माओवादी ढेर

बीजापुर, छत्तीसगढ़। बीजापुर जिले के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान आज सुबह इन्द्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल से एक SLR राइफल, एक INSAS राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य माओवादी साहित्य और सामग्री भी जब्त की गई है।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, श्री सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि क्षेत्र में सघन सर्च अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट पृथक से जारी की जाएगी।
सुरक्षा बलों द्वारा पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है और संभावित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



